
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। गर्मी के मौसम में सुरक्षित एवं संरक्षित रेल परिचालन तथा यात्री सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने गुरुवार को बनारस–प्रयागराज रामबाग रेलखंड के कटका एवं निगतपुर रेलवे स्टेशनों तथा समपार फाटकों का संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन भवन, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश द्वार, प्लेटफॉर्म, पैदल उपरिगामी पुल, सामान्य यात्री हाल, प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन सुविधाओं एवं अनारक्षित टिकट काउंटरों का जायजा लिया।

साथ ही ग्रीष्मकालीन यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल बूथों एवं हैंडपंपों की व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।संरक्षा निरीक्षण के क्रम में उन्होंने स्टेशन पैनल, इंटरचेंज प्वाइंट्स, टोकनलेस ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, क्रैंक हैंडल, वीडर काउंटर, विफलता एवं ऑपरेशन कैंसिलेशन रजिस्टर तथा प्वाइंट्स एंड क्रॉसिंग रजिस्टर का निरीक्षण किया और स्टेशन अधीक्षक से परिचालन व्यवस्था की जानकारी ली। इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने बहेड़वा हॉल्ट–कछवा रोड के मध्य निगतपुर यार्ड स्थित समपार संख्या 16/C का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गेट पर लगे संरक्षा उपकरणों, हाइट गेज एवं बूम लॉकिंग प्रणाली की कार्यप्रणाली परखी। इस दौरान गेटमैन श्री अशोक कुमार का पीएमई एवं सक्षमता प्रमाणपत्र भी देखा तथा उनके संरक्षा ज्ञान की जांच की।निरीक्षण के अवसर पर संबंधित विभागों के सेक्शनल वरिष्ठ पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




