
-रियलिटी शो छोड़ते समय साझा किए अनुभव, कंटेस्टेंट्स और होस्ट कुणाल खेमू ने की जमकर तारीफ
- रिपोर्ट: प्राची सिंह
मुंबई। रियलिटी शो ‘अलायंस’ से अभिनेता और सांसद रवि किशन की विदाई के दौरान सेट पर भावुक माहौल देखने को मिला। उनके शो से जाने की घोषणा के बाद कई कंटेस्टेंट्स अपनी भावनाएं नहीं रोक सके और उनकी आंखें नम हो गईं। शो में रवि किशन का लोकप्रिय सेगमेंट ‘रवि की हिंदी पाठशाला’ दर्शकों के बीच भी काफी पसंद किया गया।
शो से विदाई लेते हुए रवि किशन ने कहा, “मुझे इस शो में भरपूर प्यार और सम्मान मिला। मैंने अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाई है। अब समय आ गया है कि मैं अपने जीवन और जिम्मेदारियों की ओर लौटूं। जनता के वोट ने मुझे एक नया संदेश दिया है और अब मैं अपने घर गोरखपुर वापस जा रहा हूं।”
रवि किशन की विदाई से कंटेस्टेंट्स भी भावुक नजर आए। निखिल चिनापा ने कहा कि उन्होंने रवि किशन से बहुत कुछ सीखा और उनके अनुभवों से उन्हें नई सोच मिली। वहीं अरमान खेड़ा इतने भावुक हो गए कि उन्होंने अपनी कमाई तक रवि किशन को सौंप दी और फूट-फूटकर रो पड़े। पायल गेमिंग ने कहा कि शो में रवि किशन की मौजूदगी सभी को हमेशा याद आएगी।
शो के होस्ट कुणाल खेमू ने भी रवि किशन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि रवि किशन की ऊर्जा, व्यक्तित्व और बातचीत का अंदाज सभी को प्रभावित करता था। शो के पहले दिन से ही उन्होंने हर प्रतिभागी और दर्शक के दिल पर अपनी अलग छाप छोड़ी।
शो में हाल ही में हुए बदलाव के बाद रवि किशन, वंशज सिंह, पायल गेमिंग और अरमान खेड़ा ‘किंग्स’ टीम का हिस्सा बने थे। वहीं डॉली जावेद, डेलबर आर्य, सबी सूरी और रिव्वा किशन ‘हंटर्स’ में शामिल हुए। कुशाल टंडन, डेजी शाह, रूही दोसानी और निखिल चिनापा ‘वॉरियर्स’ टीम में हैं, जबकि नीति टेलर, मिनी माथुर, अर्सलान गोनी और जैद दरबार ‘लेजेंड्स’ टीम का हिस्सा हैं।
बता दें कि रियलिटी शो ‘अलायंस’ को अभिनेता कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं और यह प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जा रहा है।




