
-रियल्टी, एफएमसीजी और ऑटो शेयरों में खरीदारी से बाजार को मिला सहारा, निफ्टी 24,000 के पार बंद
- रिपोर्ट: प्राची सिंह
मुंबई। वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच बुधवार को भारतीय शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बीएसई सेंसेक्स 443.97 अंक (0.58%) की बढ़त के साथ 76,922.64 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 140.10 अंक (0.59%) चढ़कर 24,005.85 के स्तर पर पहुंच गया।
कारोबार की शुरुआत सेंसेक्स ने मामूली बढ़त के साथ की थी, लेकिन दिनभर खरीदारी का माहौल बना रहा। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 77,110.08 का इंट्रा-डे उच्च स्तर भी छुआ। वहीं, निफ्टी ने भी दिन में 24,049.90 के उच्चतम स्तर तक पहुंचकर मजबूती दिखाई। व्यापक बाजार में भी तेजी रही और निफ्टी मिडकैप तथा निफ्टी स्मॉलकैप क्रमशः 0.34 फीसदी और 0.36 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
निवेशकों को ₹2.93 लाख करोड़ का फायदा
बाजार में आई तेजी का सीधा लाभ निवेशकों को मिला। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर 476.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। इससे निवेशकों की कुल संपत्ति में एक ही कारोबारी सत्र में करीब 2.93 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।
रियल्टी और एफएमसीजी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो निफ्टी रियल्टी में 3.58 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 2.08 फीसदी और निफ्टी ऑटो में 1.15 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर आईटी, मेटल और फार्मा सेक्टर दबाव में रहे।
निफ्टी-50 में इटरनल, अदाणी एंटरप्राइजेज, नेस्ले इंडिया, एशियन पेंट्स, एचयूएल और अदाणी पोर्ट्स के शेयर प्रमुख बढ़त वाले रहे। वहीं एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, टीसीएस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
रुपये में कमजोरी, कच्चा तेल हुआ सस्ता
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 1 फीसदी गिरकर 72 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गई। हालांकि भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 67 पैसे कमजोर होकर 95.23 पर बंद हुआ।
विशेषज्ञों की राय
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, निफ्टी ने दैनिक चार्ट पर बुलिश कैंडल बनाई है, जो बाजार में मजबूती का संकेत देती है। हालांकि निफ्टी लगातार 12वें कारोबारी सत्र में सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है, जिससे बाजार में कंसोलिडेशन की स्थिति बनी हुई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले सत्रों में 24,130 से 24,150 का स्तर निफ्टी के लिए महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस रहेगा। यदि इंडेक्स इस स्तर के ऊपर टिकने में सफल रहता है तो 24,300 और उसके बाद 24,450 तक तेजी देखने को मिल सकती है। वहीं, गिरावट की स्थिति में 23,870 से 23,850 का दायरा निफ्टी के लिए मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है।




