
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री एस. रामाकृष्णन के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा रेल संपत्ति की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आरपीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 14649 अप सरयू-यमुना एक्सप्रेस से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 जून 2026 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट आजमगढ़ के प्रधान आरक्षी संजय कुमार एवं आरक्षी विश्वंभर सिंह गश्त/एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात थे। गाड़ी के छपरा से आजमगढ़ के बीच संचालन के दौरान मुहम्मदाबाद रेलवे स्टेशन पर जनरल कोच में तीन लावारिस बैग संदिग्ध अवस्था में पाए गए।
बैगों के संबंध में यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उन पर अपना दावा नहीं किया। संदेह होने पर आरपीएफ कर्मियों ने नियमानुसार बैगों की तलाशी ली, जिसमें से गांजा जैसी संदिग्ध सामग्री बरामद हुई, जिससे तीव्र गंध आ रही थी इसके बाद तीनों बैगों को विधिवत जब्त कर अग्रिम कार्रवाई हेतु राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), आजमगढ़ को सुपुर्द कर दिया गया।
जीआरपी द्वारा की गई तौल में कुल 20 किलोग्राम 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹2,46,000 आंकी गई है। बरामद सामग्री को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जीआरपी द्वारा मालखाने में जमा करा दिया गया है।
मामले में आगे की जांच जारी है ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की जा सके। रेलवे सुरक्षा बल ने कहा है कि ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और रेल संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




