
-राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित कैंप में ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव के बताए उपाय
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. जे. चौधरी के नेतृत्व में मंडल चिकित्सालय, वाराणसी में राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) कैंप आयोजित किया गया। कैंप में कुल 105 लोगों का BMD परीक्षण किया गया।
इस दौरान रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों को हड्डियों के स्वास्थ्य, ऑस्टियोपोरोसिस के कारणों, जोखिम कारकों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कैंप के बाद अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए. के. सिंह ने ‘ऑस्टियोपोरोसिस की रोकथाम’ विषय पर जागरूकता व्याख्यान दिया।
उन्होंने संतुलित एवं कैल्शियम युक्त आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, व्यायाम तथा समय-समय पर BMD परीक्षण और स्वास्थ्य जांच कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संतुलित जीवनशैली और समय पर स्वास्थ्य जांच से हड्डियों से जुड़ी समस्याओं की पहचान एवं रोकथाम में मदद मिल सकती है।
कैंप का उद्देश्य रेलकर्मियों और उनके परिजनों में हड्डियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ऑस्टियोपोरोसिस की समय रहते पहचान और रोकथाम को प्रोत्साहित करना रहा।





