
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चन्दौली पूर्व की नक्सली गतिविधियों को देखते हुए जनपद चन्दौली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से नौगढ़ क्षेत्र के ग्राम अमदहा और भरदुवा तथा आसपास के पहाड़ी व जंगल क्षेत्रों में सघन कांबिंग और सर्च अभियान चलाया। क्षेत्राधिकारी नौगढ़ देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष नौगढ़ संतोष कुमार के साथ थाना पुलिस एवं क्यूआरटी टीम ने दुर्गम इलाकों, पगडंडियों और संभावित संवेदनशील स्थानों की जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने पैदल गश्त और फ्लैग मार्च कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली गई। पुलिस ने किसी भी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु की सूचना तत्काल देने की अपील की।
इस दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने ओटीपी, एटीएम पिन, बैंकिंग जानकारी साझा न करने, फर्जी लिंक व ऐप से बचने, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली ठगी के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। साइबर ठगी होने पर 1930 और आपात स्थिति में डायल-112 पर सूचना देने की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में फिलहाल शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त माहौल होने की बात कही। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जनसुरक्षा और किसी भी संभावित असामाजिक या नक्सली गतिविधि की रोकथाम के लिए कांबिंग, गश्त और जन-संवाद लगातार जारी रहेगा।





