
-विकास कार्यों के बीच उपेक्षित हुई काशी की धार्मिक धरोहर, कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर संभाली मंदिर परिसर की जिम्मेदारी; प्रशासन से मलबा हटाने की मांग
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी के ऐतिहासिक हरिश्चंद्र घाट क्षेत्र में प्राचीन श्री रुरु भैरव (आनंद भैरव) मंदिर का स्थल मलबे में दबे होने का मामला सामने आया है। सरकारी निर्माण एवं विकास कार्यों के बीच काशी खंड में वर्णित अष्ट भैरवों में शामिल बाबा रुरु भैरव के प्राचीन धार्मिक स्थल की ऐसी स्थिति को लेकर श्रद्धालुओं में चिंता और नाराजगी है।
आगामी 1 दिसंबर को भैरव अष्टमी के पावन पर्व को देखते हुए हिंदू युवा वाहिनी ने मंदिर परिसर की सुध लेते हुए सफाई अभियान शुरू किया। संगठन के मंडल अध्यक्ष गौरव दुबे एवं महामंत्री धनंजय पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेने के बाद स्वयं श्रमदान कर मलबा हटाने का कार्य शुरू किया।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष गौरव दुबे ने कहा कि काशी के प्राचीन मंदिर हमारी आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं। विकास कार्यों के दौरान धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और संरक्षण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। वहीं महामंत्री धनंजय पांडेय ने नगर निगम और जिला प्रशासन से भैरव अष्टमी से पहले मंदिर परिसर से पूरा मलबा हटवाने तथा साफ-सफाई कराने की मांग की, जिससे श्रद्धालु बाबा के दर्शन-पूजन कर सकें।
अभियान में विशाल विश्वकर्मा, शिवम पाठक, सुधांशु साहनी, आकाश पटेल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




