
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. राजातालाब के राजातालाब थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जक्खिनी चौकी क्षेत्र के जमुनी और तिलंगा गांव के बीच उस समय हुआ, जब बारात से लौट रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे शीशम के पेड़ से जा टकराई।
मिली जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र के भगीरथपुर गांव से बारात वाराणसी के मरुई गांव निवासी सुभाष शुक्ला की पुत्री की शादी में आई थी। शादी समारोह का आयोजन शहंशाहपुर स्थित श्याम मैरिज लॉन में किया गया था। समारोह में शामिल होने और भोजन करने के बाद बाराती कार से वापस अपने गांव भगीरथपुर लौट रहे थे। इसी दौरान जमुनी और तिलंगा गांव के बीच अचानक कार अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में शीशम के पेड़ से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार 73 वर्षीय कृपा शंकर उपाध्याय की मौत हो गई, जबकि करीब 70 वर्षीय जीत नारायण शुक्ला और 30 वर्षीय चालक संगम चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाकर उपचार के लिए बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर भेजा। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।





