
-ललिता सिनेमा हाउस से मलदहिया स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी यात्रा, राजत कुमार वाल्मीकि के नेतृत्व में जुटेंगे सपा कार्यकर्ता और युवा
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर 390 कैंट विधानसभा क्षेत्र में ‘कैंट परिवर्तन साइकिल यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। इस यात्रा के माध्यम से नेताजी के संघर्ष, समाजवादी विचारधारा और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा।
साइकिल यात्रा दोपहर 2 बजे ललिता सिनेमा हाउस से प्रारंभ होकर मलदहिया चौराहे पर स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा शामिल होंगे। यात्रा का आयोजन समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव राजत कुमार वाल्मीकि के नेतृत्व में किया जा रहा है।
आयोजक राजत कुमार वाल्मीकि ने कहा कि श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव का संपूर्ण जीवन गरीबों, किसानों, नौजवानों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उनके विचार, संघर्ष और समाजवादी सिद्धांत आज भी कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। साइकिल यात्रा के जरिए सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और जनहित की आवाज को बुलंद किया जाएगा।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर ‘कैंट परिवर्तन साइकिल यात्रा’ को सफल बनाने और श्रद्धेय नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है। साथ ही प्रेस एवं मीडिया बंधुओं से कार्यक्रम की कवरेज करने का अनुरोध किया गया है।




