
-वाराणसी मंडल के 13 प्रमुख स्टेशनों पर चला विशेष अभियान, ‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ का दिया संदेश
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनुभव पाठक के नेतृत्व में वाराणसी मंडल में 1 से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को आजमगढ़, बलिया, बनारस, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, भटनी जंक्शन, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, मऊ, बेलथारा रोड, सलेमपुर और प्रयागराज रामबाग स्टेशनों पर विभिन्न स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षकों के नेतृत्व में रेलवे कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। पोस्टर, बैनर और नारों के माध्यम से यात्रियों एवं आमजन को स्टेशन परिसर स्वच्छ रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया।
विभिन्न स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी स्वच्छता का संदेश दिया गया। यात्रियों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा डालने के लिए जागरूक किया गया। शहरी स्थानीय निकायों के सहयोग से रेलवे ट्रैक के किनारे विशेष सफाई अभियान चलाकर जमा कचरे को हटाया गया।
इसके अलावा रेलवे कॉलोनियों और अन्य प्रतिष्ठानों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। स्टेशनों एवं ट्रेनों में पीए सिस्टम से स्वच्छता संबंधी घोषणाएं कर यात्रियों से सहयोग की अपील की गई।
वाराणसी मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़े के तहत लगातार विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ के संकल्प को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है।





