
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवपुर थाना पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जमीन बेचने और मकान से बेदखल करने के प्रयास के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी मिंटू उर्फ मंटू (45 वर्ष) को 10 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:40 बजे कस्बा शिवपुर स्थित पंचकोसी रोड के अंदर गली से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हमीरापुर कुंवर बाजार, थाना बड़ागांव, वाराणसी का निवासी है। उसके खिलाफ शिवपुर थाने में मु0अ0सं0 224/2022, धारा 419, 420, 467, 468 और 471 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज है।
मामले में वादी ने 8 जून 2022 को शिवपुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि प्रतिवादियों द्वारा उसकी भूमि के फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसे बेचने तथा उसे उसके मकान से बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
पुलिस के मुताबिक मामले की विवेचना उपनिरीक्षक भूपेंद्र कुमार द्वारा की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: मिंटू उर्फ मंटू पुत्र स्व. रामधनी, निवासी हमीरापुर कुंवर बाजार, थाना बड़ागांव, जनपद वाराणसी, उम्र करीब 45 वर्ष।





