
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: गाजीपुर जनपद के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान कल्लू उर्फ अनीश (19 वर्ष), पुत्र उमा राजभर, निवासी ग्राम अकबरपुर, थाना बहरियाबाद, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस पूर्व में ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, थाना भुड़कुड़ा में मुकदमा अपराध संख्या 245/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 5जी/6 में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि 17 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना में कल्लू उर्फ अनीश भी शामिल था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
इसी क्रम में 2 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भुड़कुड़ा पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।




