
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: जौनपुर उत्तर प्रदेश और बिहार में अवैध असलहों एवं कारतूसों की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरोह के खिलाफ जौनपुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। सुजानगंज पुलिस ने गिरोह से जुड़े एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान रंजीत कुमार शर्मा (32 वर्ष), निवासी पश्चिमी रौजा, थाना नगर, जिला छपरा (सारण), बिहार के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बदलापुर अजय कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 364/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त रंजीत कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया तस्करी नेटवर्क से जुड़ाव
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त कथित तौर पर अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्करी गिरोह का सक्रिय सदस्य है और गिरोह के सरगना बताए जा रहे शुभम सिंह के लिए काम करता था। आरोप है कि वह अपने सहयोगियों के माध्यम से उत्तर प्रदेश और बिहार में अवैध असलहों एवं कारतूसों की सप्लाई करता था। इस अवैध कारोबार से अर्जित धन के जरिए आर्थिक और भौतिक लाभ उठाता था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सुजानगंज में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2), 111(3), 111(4), 111(6), 345(3) तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/5/7/25(8)/35 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।




