
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. चौबेपुर थाना पुलिस ने मारपीट के दौरान हुई मौत के मामले में नामजद वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी नागेंद्र मिश्रा (41 वर्ष) को शुक्रवार सुबह करीब 6:25 बजे संदहा भट्ठा वाले मैदान के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को आजाद मिश्रा के साथ आरोपियों द्वारा गाली-गलौज करते हुए मुक्के से मारपीट की गई थी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल आजाद मिश्रा की मौत हो गई। घटना के संबंध में आजाद मिश्रा की पत्नी की तहरीर पर थाना चौबेपुर में मु0अ0सं0 0524/2026, धारा 103(1) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक चौबेपुर द्वारा की जा रही है। पुलिस ने घटना के बाद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया, जिसके तहत नागेंद्र मिश्रा पुत्र राजेंद्र मिश्रा, निवासी ग्राम रुस्तमपुर, थाना चौबेपुर, वाराणसी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक अपराजित सिंह चौहान, कांस्टेबल साहिल सौरभ, राजेश कुमार खरवार, रिजर्व कांस्टेबल पियूष कुमार और बबुन्नर शामिल रहे।





