
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज नवजीवन तैराकी क्लब द्वारा आयोजित तैराकी प्रशिक्षण शिविर में महज तीन वर्षीय बालिका विश्वकर्मा जी ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 14 मिनट 32 सेकंड में लगभग 500 मीटर चौड़ी यमुना नदी को ब्रेस्ट स्ट्रोक से तैरकर पार कर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।कीडगंज निवासी विश्वकर्मा जी ने अपने प्रशिक्षक त्रिभुवन निषाद के मार्गदर्शन में मीरपुर सिंधु सागर घाट (बरगद घाट) से तैराकी शुरू की।
तैराकी से पहले उसने लेटे हुए हनुमान जी एवं भगवान शंकर के दर्शन किए। पूरे सफर के दौरान परिवार के सदस्य और सैकड़ों दर्शक नावों पर सवार होकर उसका उत्साहवर्धन करते रहे। नदी में गूंजते जयकारों के बीच नन्ही तैराक ने सफलतापूर्वक यमुना पार कर एक यादगार उपलब्धि अपने नाम दर्ज कराई।यमुना पार करने के बाद मां यमुना की पूजा-अर्चना की गई और प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश के सदस्य तथा विख्यात कलाकार रवीन्द्र कुशवाहा ने नन्ही जलपरी श्री विश्वकर्मा को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि से प्रभावित होकर उपस्थित लोगों ने भी पुरस्कार देकर बालिका का उत्साहवर्धन किया।





