- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर शासन की मंशा के अनुरूप तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराई।
विशेष रूप से भूमि विवादों के मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर निष्पक्ष और प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जन शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के समाधान के लिए स्वयं स्थलीय निरीक्षण करें और कार्य को अधीनस्थों के भरोसे न छोड़ें।
जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर आमजन की समस्याएं सुनने तथा संवेदनशीलता के साथ उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।





