
-अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर, प्रस्तावित लिमिटेड हाइट सबवे से स्थानीय आवागमन होगा सुगम
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के प्रमुख मुख्य इंजीनियर (PCE) श्री तुषार कान्त पाण्डेय ने शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन के साथ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेन्दु सभागार में वाराणसी मंडल में चल रही विभिन्न रेल परियोजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों तथा यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति की गति और निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूरा करने को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई। प्रमुख मुख्य इंजीनियर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के बाद प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कान्त पाण्डेय ने मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के साथ राजातालाब यार्ड स्थित समपार संख्या 13 Spl पर प्रस्तावित लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) के निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल की भौतिक एवं तकनीकी स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने समपार पर यातायात के TVU स्तर, सड़क यातायात के घनत्व तथा स्थानीय लोगों की आवागमन संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित LHS के निर्माण की उपयोगिता पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। साथ ही वर्तमान रेल एवं सड़क यातायात की स्थिति तथा भविष्य में यातायात बढ़ने की संभावनाओं को देखते हुए निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
प्रस्तावित लिमिटेड हाइट सबवे के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को अधिक सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही समपार पर सड़क यातायात को व्यवस्थित एवं सुचारु बनाने और रेल परिचालन की संरक्षा एवं निर्बाधता को बेहतर करने में भी मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित स्थल की उपयुक्तता, निर्माण कार्य की कार्ययोजना, तकनीकी आवश्यकताओं, जल निकासी की व्यवस्था, पहुंच मार्ग तथा निर्माण के दौरान रेल परिचालन एवं संरक्षा से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रमुख मुख्य इंजीनियर एवं मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि LHS निर्माण से जुड़े सभी तकनीकी एवं संरक्षा संबंधी पहलुओं का समुचित अध्ययन कर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रस्तावित निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं संरक्षा प्रावधानों के अनुरूप सुरक्षित एवं सुचारु ढंग से आगे बढ़े। निर्माण की योजना तैयार करते समय रेल परिचालन, स्थानीय आवागमन और जल निकासी समेत सभी आवश्यक पहलुओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण/आर.एस.पी. नवीन कुमार झा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह सहित मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





