
New Delhi: राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में रक्षा मंत्रालय में तैनात 30 वर्षीय असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर नाजिया खानम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। शादी के महज चार महीने बाद और करीब तीन महीने की गर्भवती नाजिया का शव घर में फंदे से लटका मिला। पति ने जहां इसे आत्महत्या बताया है, वहीं मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
अप्रैल में हुई थी शादी
परिजनों के मुताबिक, नाजिया खानम का निकाह इसी साल 11 अप्रैल को अजम अली खान से हुआ था। परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही नाजिया को ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा।
नाजिया के पिता तवाब खान ने पुलिस को दिए बयान में पति अजम, सास सामिन निशा, ससुर बाबर अली खान समेत अन्य ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि नाजिया कई बार फोन पर रोते हुए गाली-गलौज, मारपीट, घर से निकालने और जान से मारने की धमकियों की शिकायत करती थी।
पति ने बताया आत्महत्या का मामला
घटना की सूचना 21 अगस्त की अलसुबह करीब चार बजे नाजिया के मायके वालों को दी गई। पुलिस के पहुंचने पर पति अजम अली खान ने बताया कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद नाजिया ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे में देखने पर वह खिड़की से फंदे पर लटकी मिली।
हालांकि, मृतका के परिजनों ने पति के इस दावे को खारिज कर दिया है। परिवार ने आशंका जताई है कि नाजिया की पहले हत्या की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज हुए बयान
मामला सरकारी अधिकारी की शादी के कुछ ही महीनों बाद हुई संदिग्ध मौत से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने एसडीएम को भी सूचना दी। नाजिया के पिता और भाई ने बिजवासन के कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए हैं।
परिजनों ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने और सभी संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही नाजिया की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




