
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के नेतृत्व में अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय महासचिव शावेज जाफरी और महानगर अध्यक्ष लाल बहादुर शुक्ला ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जा रही कथित अभद्र टिप्पणियों को लेकर नगर कोतवाली अयोध्या में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
सपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि अखिलेश यादव द्वारा राम मंदिर में भक्तों के दान से जुड़े कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाने के बाद उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के चलते सोशल मीडिया पर उनकी पुत्री के खिलाफ अपमानजनक और अमर्यादित टिप्पणियां कराई जा रही हैं।

अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय महासचिव शावेज जाफरी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता सभा आगे बड़ा कदम उठाने पर विचार करेगी।
महानगर अध्यक्ष लाल बहादुर शुक्ला ने कहा कि संगठन केवल तहरीर देने तक सीमित नहीं रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा ताकि दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।
प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि इस अवसर पर हामिद जाफर मीसम, गोविंद यादव, जितेंद्र प्रजापति, दिलीप वर्मा, रिंकू साहू, धर्मेंद्र यादव, अवशेष सिंह, शशांक यादव, महिला जिला अध्यक्ष सरोज यादव, अहमद जमीर सैफी, शहबाज लकी, अनस खान, मारूफ सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और अधिवक्ता मौजूद रहे।





