
New Delhi: यूनाइटेड हिन्दू फ्रंट (यूएचएफ) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष जय भगवान गोयल के नेतृत्व में दिल्ली के शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आर.पी. मीणा से मुलाकात कर सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लोकसभा में श्रीराम मंदिर से जुड़े चढ़ावे और कथित चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर दिए गए बयानों के माध्यम से हिन्दू धर्म, हिन्दू समाज, भगवान श्रीराम और भगवाधारी संतों का अपमान किया गया है। संगठन ने इसे भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत दंडनीय अपराध बताते हुए संबंधित नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
यूएचएफ ने शिकायत की एक प्रति शाहदरा थाना प्रभारी को भी सौंपी। प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में दिगंबर नागा बाबा श्याम गिरि जी महाराज, राष्ट्रीय सचिव डॉ. राधाकांत वत्स, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बेदी, दिल्ली प्रदेश संगठन महामंत्री अवध कुमार, उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, सचिव सुबोध बिहारी तथा राम कुमार आर्य सहित अन्य पदाधिकारी भी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भारत संतों, ऋषि-मुनियों और गुरुओं की भूमि है तथा किसी भी धर्म, देवी-देवता या धार्मिक प्रतीकों के कथित अपमान को स्वीकार नहीं किया जा सकता। संगठन ने मांग की कि शिकायत में नामित सभी नेताओं के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
नोट: यह समाचार यूनाइटेड हिन्दू फ्रंट द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित नेताओं की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




