
Haridwar: निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में मौत हो गई। वह उत्तरी क्षेत्र के भूपतवाला में मंदिर के सामने स्थित अपनी चाय की दुकान पर फंदे से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में घटना को आत्महत्या माना जा रहा है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र कोली ने करीब तीन दिन पहले ही चाय की दुकान शुरू की थी। शुक्रवार को वह दुकान पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुकान से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक क्लेश की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।
नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट से आखिरी मामले में हुआ था बरी
सुरेंद्र कोली करीब 19 साल जेल में रहने के बाद नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट से निठारी कांड से जुड़े आखिरी मामले में बरी होकर बाहर आया था। वर्ष 2006 में नोएडा के निठारी क्षेत्र में हत्या और दुष्कर्म के मामले सामने आने के बाद सुरेंद्र कोली पर कई मुकदमे दर्ज हुए थे।
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक मामले में उसे फांसी की सजा सुनाई थी। बाद में वर्ष 2015 में उसकी फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया गया था। इसके बाद विभिन्न मामलों में कानूनी प्रक्रिया चलती रही और नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट से आखिरी मामले में भी उसे बरी कर दिया गया था।
पुलिस अब सुरेंद्र कोली की मौत से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।



