
-पुलिस घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में सातों गिरफ्तार; दो तमंचे, चार देशी बम, पांच चाकू और दो कार बरामद
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Bhadohi: जनपद भदोही के औराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। महाराष्ट्र के ठाणे से दो कारों में सवार होकर भदोही पहुंचे सात शातिर आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक व्यक्ति की हत्या करने और उसके घर में डकैती डालने की नीयत से भदोही आए थे। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए सभी सातों को दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में 17 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक औराई विजय प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ उगापुर नहर पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान भदोही की तरफ से हुंडई एक्सेंट और हुंडई औरा कार तेज रफ्तार में आती दिखाई दीं। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का इशारा किया तो चालक बैरियर को धक्का मारते हुए भागने लगे। इस दौरान कार सवार बदमाशों ने असलहा भी लहराया।
पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया और अन्य पुलिस मोबाइल टीमों की मदद से कुरौना हवाई पट्टी गेट के पास दोनों कारों को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को पुलिस से घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई और आवश्यक बल प्रयोग करते हुए दोनों कारों में सवार सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
महाराष्ट्र के ठाणे के रहने वाले हैं छह आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में विपुल विजय सेट्टी, दिनेश वीरेन्द्र जायसवाल, उमेश पांडुरंग राउत, अभिषेक गंगाधर लिम्बालकर, जयवन्त कालूराम कदम और समसुद्दीन मोहम्मद सईद शेख महाराष्ट्र के ठाणे जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। वहीं सातवां आरोपी कृष्णा गोविन्द लाल जायसवाल वाराणसी जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के बेलवा हटिया का रहने वाला है, जो वर्तमान में महाराष्ट्र के डोम्बीवली ईस्ट में रह रहा था।
दो तमंचे, चार देशी बम और पांच चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, पांच लोहे के चाकू और चार देशी बम बरामद किए हैं। इसके अलावा सात स्क्रीन टच मोबाइल फोन और 7,100 रुपये नकद भी मिले हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई हुंडई एक्सेंट और हुंडई औरा कार को भी पुलिस ने धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
सोने की चेन चोरी से शुरू हुआ विवाद, हत्या और लूट की बनाई योजना
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सभी आपस में दोस्त हैं और महाराष्ट्र के ठाणे में रहते हैं। इनमें से एक आरोपी ने वहां एक डॉक्टर के घर से सोने की चेन चोरी की थी। चोरी की चेन बेचने के लिए उसने औराई क्षेत्र के अपने एक परिचित को दे दी थी। बाद में इसी चेन को लेकर उनके एक साथी और औराई के परिचित के बीच मारपीट हो गई। विवाद के बाद जान से मारने की धमकी मिलने पर आरोपियों ने बदला लेने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में सभी आरोपी एकजुट होकर संबंधित व्यक्ति की हत्या करने और उसके घर में लूटपाट करने के इरादे से महाराष्ट्र से भदोही पहुंचे थे। हालांकि, वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस की सतर्कता और घेराबंदी के चलते सभी गिरफ्तार कर लिए गए।
दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी मिला
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में विपुल विजय सेट्टी और चालक दिनेश वीरेन्द्र जायसवाल का महाराष्ट्र में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। दोनों के खिलाफ वर्ष 2018 में थाना तिलकनगर, डोम्बीवली में मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है।
इस मामले में थाना औराई पर मुकदमा अपराध संख्या 490/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4), 312, 109(1), 3(5), आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 और 4/25 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।





