
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. सारनाथ थाना क्षेत्र में बच्चों के खेलने के दौरान गेंद पड़ोसी के घर चली जाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि सात लोगों ने एकजुट होकर बच्चों के साथ मारपीट की। जब परिवार की महिलाएं बच्चों को बचाने और बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पीड़ित सुशील कुमार चौबे के मुताबिक, बच्चों की गेंद पड़ोसी के घर पहुंचने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी बात को लेकर आरोपितों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला और बढ़ गया। आरोप है कि मनबढ़ों ने उनके घर के मुख्य दरवाजे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और परिवार के सदस्यों को भयभीत करने का प्रयास किया।
पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि रास्ते में खड़ी उनके भाई किशन की कार को भी क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से परिवार में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। बच्चों के मामूली खेल से शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सारनाथ थाने पहुंचकर सात लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। परिवार का कहना है कि बच्चों और महिलाओं के साथ हुई कथित मारपीट तथा अभद्रता को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। अब पुलिस जांच में घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आने और आरोपों की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।





