
-सुबह पांच बजे संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरी छात्रा, अस्पताल में तोड़ा दम; एसीपी और लंका पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट स्थित ज्ञानदीप अकादमी के हॉस्टल में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। हॉस्टल की चौथी मंजिल से गिरकर कक्षा सात में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना ने हॉस्टल में रह रहे बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृत छात्रा की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी तारकेश्वर मिश्रा की पुत्री स्नेहा मिश्रा के रूप में हुई है। वह ज्ञानदीप अकादमी में कक्षा सात की छात्रा थी और हॉस्टल के एक कमरे में दो अन्य छात्राओं के साथ रहती थी। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब पांच बजे वह संदिग्ध परिस्थितियों में हॉस्टल की चौथी मंजिल से नीचे गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। हॉस्टल प्रबंधन की ओर से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी भेलूपुर और लंका थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हॉस्टल परिसर से आवश्यक जानकारियां जुटाईं। एसीपी भेलूपुर के अनुसार, छात्रा किसी कारणवश चौथी मंजिल से नीचे गिर गई थी, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
हादसा या कुछ और, हर पहलू की जांच
फिलहाल पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि आखिर सुबह पांच बजे छात्रा चौथी मंजिल से किन परिस्थितियों में नीचे गिरी। घटना के समय हॉस्टल में कौन-कौन मौजूद था? छात्राओं की निगरानी के लिए क्या व्यवस्था थी? चौथी मंजिल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं? इन सभी बिंदुओं को जांच के दायरे में रखा जा रहा है। हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्य भी घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट करने में महत्वपूर्ण हो सकते हैं।
बताया गया कि मृतका के पिता जयपुर में निजी नौकरी करते हैं। परिवार में उसका एक छोटा भाई भी है। बेटी की असमय मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस दर्दनाक घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि अभिभावक जिन संस्थानों पर भरोसा करके अपने मासूम बच्चों को हॉस्टल में रखते हैं, वहां उनकी सुरक्षा और निगरानी की कितनी पुख्ता व्यवस्था है? आखिर सुबह पांच बजे छात्रा के साथ ऐसा क्या हुआ कि उसकी जान चली गई? फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




