
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: राजातालाब गंगापुर परिसर में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की गंगापुर इकाई ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्र-छात्राओं ने परिसर की विभिन्न समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की। परिषद के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक विद्यार्थियों की जायज मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने को संबोधित करते हुए विभाग संयोजक राजमंगल सिंह ने कहा कि परिसर में लंबे समय से कई शैक्षणिक और बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन विद्यार्थियों की शिकायतों पर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। छात्रहित से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी होने के कारण विद्यार्थियों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि परिषद विद्यार्थियों के अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
छात्रों ने रखीं कई प्रमुख मांगें
विद्यार्थी परिषद ने संकाय स्थानांतरण के मामले में जवाबदेही तय करने, वर्ष 2021 बैच से वर्तमान बैच तक पात्र विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना का लाभ दिलाने तथा कृषि संकाय में स्थायी नियुक्ति करने की मांग उठाई। इसके साथ ही शोध प्रबंध में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के निर्धारित मानकों का पालन कराने और परीक्षा परिणामों में हुई त्रुटियों को तत्काल सुधारने की मांग भी शामिल है।
परिषद ने महिला छात्रावास को ध्वस्त किए जाने के मामले में जवाबदेही तय करने, बालक छात्रावास का आवंटन सुनिश्चित करने तथा कृषि संकाय में फील्ड और प्रयोगशाला की कमी दूर करने पर जोर दिया। इसके अलावा ललित कला संकाय के वर्ष 2020 बैच का लंबित परीक्षा परिणाम जारी करने, वाहन पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान करने और परिसर में वाटर कूलर की समुचित व्यवस्था कराने की मांग भी उठाई गई।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
राजमंगल सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनका समयबद्ध और प्रभावी समाधान होना चाहिए। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, प्रशासनिक जवाबदेही और बुनियादी सुविधाएं विद्यार्थियों का अधिकार हैं। प्रशासन को छात्र-छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सकारात्मक कदम उठाने चाहिए।
धरना-प्रदर्शन में हर्ष सिंह, शिवम पांडेय, आकृति, रजनीश तिवारी, विवेक, रजत, सतीश, सोनम, अनीशा, चंद्रभूषण, प्रतीक, आकाश, मुस्कान, समीरा समेत सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने एकजुट होकर मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और समस्याओं के समाधान तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प जताया।




