
-पावरहाउस तिराहे पर रास्ता रोककर धमकाने का आरोप, परिवार की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता; एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग*
- Pankaj Jha ki kalam se✍️
Varanasi. चंदौली जनपद में दिनदहाड़े जान से मारने और जबरन उठा ले जाने की कथित धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पटनवा बसंत नगर निवासी रामकृष्ण झा पुत्र स्व. नारद झा ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र भेजकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति ने खुलेआम उन्हें जान से मारने और जबरन अगवा करने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, घटना 18 नवंबर 2026 को अपराह्न लगभग 3:15 बजे की बताई गई है। आरोप है कि पावरहाउस तिराहा, इंडस्ट्रियल एरिया फेस-1 के पास विकास कुमार नामक व्यक्ति ने रामकृष्ण झा के सामने आकर उन्हें जान से मारने तथा जबरन उठा ले जाने की धमकी दी। पीड़ित ने अपने शिकायती पत्र में घटना के समय गवाह मौजूद होने का भी उल्लेख किया है और संबंधित साक्ष्यों की जांच कराने की मांग उठाई है।
पीड़ित का कहना है कि इस घटना के बाद से वह मानसिक रूप से भयभीत हैं। उन्हें आशंका है कि आरोपी उनके साथ कभी भी कोई अप्रिय घटना कर सकता है। उनका आरोप है कि धमकी के चलते उनका पूरा परिवार भी भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। ऐसे में परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता लगातार बढ़ रही है।
*मुख्यमंत्री से चार प्रमुख मांगें*
रामकृष्ण झा ने अपने प्रार्थना पत्र में मांग की है कि उनकी शिकायत पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। धमकी देने के आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्हें और उनके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा घटना के समय मौजूद गवाह और अन्य साक्ष्यों की गंभीरता से जांच की जाए।
पीड़ित ने शासन-प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र हस्तक्षेप करने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई और सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में कोई गंभीर घटना घटित हो सकती है। फिलहाल यह मामला मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपी का पक्ष और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई सामने आने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





