
-सिक लाइन, क्रू लॉबी और रनिंग रूम का किया विस्तृत निरीक्षण, लोको पायलटों से संवाद कर बेहतर भोजन, स्वच्छता और पर्याप्त विश्राम सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में रेल परिचालन को सुरक्षित, सुचारु और बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन लगातार विभिन्न रेल परिसरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परख रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को अपने दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के तहत उन्होंने छपरा कोचिंग डिपो का दौरा किया। इस दौरान सिक लाइन, क्रू लॉबी, रनिंग रूम और अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण कर संरक्षा, अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता तथा कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने सिक लाइन के विभिन्न स्टोर रूम, मशीन रूम, ऑयल रूम, महिला एवं कर्मचारी विश्राम कक्ष और ईओटी क्रेनों की कार्यशीलता का बारीकी से जायजा लिया। परिसर में साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था पर उन्होंने संतोष जताया। वहीं कर्मचारियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए स्टाफ कैंटीन के लिए अलग कक्ष तैयार कराने के निर्देश दिए, ताकि कर्मचारियों को बेहतर खान-पान की सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके बाद उन्होंने वाशिंग पिट संख्या-01 पर खड़ी गाड़ी संख्या 15083 के रेक का संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान पहियों के व्यास, व्हील डिस्टेंस और ट्रेड वियर की निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच की गई। डीआरएम ने एसबीसी पैनल, पीएफएस वर्किंग मॉडल, ट्रबलशूटिंग और ब्रेक पावर टेस्टिंग की कार्यप्रणाली को भी समझा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अनुरक्षण और तकनीकी कार्यों में निर्धारित संरक्षा मानकों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ओएचई सुरक्षा प्रक्रियाओं पर विशेष जोर
डीआरएम ने ओएचई चार्जिंग एवं डिस्चार्जिंग से जुड़ी सुरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी लेते हुए कर्मचारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी कार्यों के दौरान निर्धारित सुरक्षा उपकरणों का नियमित इस्तेमाल अनिवार्य रूप से किया जाए। रेल परिचालन में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी प्रत्येक रेलकर्मी की है।
लोको पायलटों से सीधे किया संवाद, सुविधाओं की ली जानकारी
निरीक्षण के अगले चरण में मंडल रेल प्रबंधक ने क्रू लॉबी और रनिंग रूम की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने क्रू मैनेजमेंट, कर्मचारियों के विश्राम और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान लोको पायलटों एवं ट्रेन मैनेजरों (गार्ड) से सीधे बातचीत कर उनकी कार्य परिस्थितियों, खान-पान और दैनिक समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने रनिंग कर्मचारियों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पौष्टिकता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। डीआरएम ने कहा कि रेल परिचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों के स्वास्थ्य, बेहतर खान-पान और पर्याप्त विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिलने से उनकी कार्यक्षमता और परिचालन की गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा।
डीआरएम आशीष जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अनुरक्षण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप किए जाएं तथा संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो। उन्होंने कर्मचारी सुविधाओं को भी रेल प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, छपरा कोचिंग डिपो अधिकारी अशोक कुमार, सहायक विद्युत इंजीनियर शिशिर श्रीवास्तव, सहायक मंडल इंजीनियर अरविन्द कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं वरिष्ठ पर्यवेक्षक मौजूद रहे।





