
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली शासन की मंशा के अनुरूप जनपद चंदौली के सभी थानों पर शनिवार को “थाना समाधान दिवस” का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चंदौली चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक चंदौली श्री आकाश पटेल द्वारा थाना धानापुर में जनसुनवाई की गई। वहीं अन्य थानों पर भी पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, क्षेत्राधिकारी नौगढ़, पीडीडीयू नगर, सदर, सकलडीहा एवं चकिया सहित संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जनसमस्याएं सुनीं।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से सुनते हुए कुछ मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। भूमि एवं राजस्व से जुड़े मामलों में पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट तैयार की गई। इस दौरान थाना समाधान दिवस रजिस्टर में सभी शिकायतों की प्रविष्टि की गई तथा दोनों पक्षों की उपस्थिति में आवश्यक कार्यवाही पूरी की गई।




