- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। आगामी गंगा दशहरा एवं ईद-उल-अज़हा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को चौकी रामेश्वर परिसर में पीस कमेटी गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन नीतू कादयान एवं अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।गोष्ठी में उपजिलाधिकारी पिण्डरा व राजातालाब, सहायक पुलिस आयुक्त, क्षेत्र के थाना प्रभारी, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, ग्राम प्रधान एवं सम्भ्रान्त नागरिक उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने और नई परम्पराओं की शुरुआत से बचने को कहा गया।
बैठक में सोशल मीडिया पर अफवाह एवं भ्रामक पोस्ट साझा न करने की अपील करते हुए चेतावनी दी गई कि माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने साफ-सफाई बनाए रखने, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का भी आह्वान किया।
पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण, ईदगाहों एवं नमाज स्थलों का पूर्व निरीक्षण, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा घाटों एवं तालाबों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया टीम द्वारा 24×7 निगरानी किए जाने की जानकारी भी दी गई।




