
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे स्वच्छता कार्यक्रमों की कड़ी में सोमवार को वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान रेल कर्मचारियों, सफाई मित्रों और यात्रियों को एकल उपयोग प्लास्टिक (Single Use Plastic) के इस्तेमाल को कम करने तथा इसके हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान यात्रियों एवं स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों को पंपलेट वितरित कर प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही यात्रियों से अपील की गई कि वे स्टेशन और अपने आसपास के वातावरण में कूड़ा-कचरा न फैलाएं तथा स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें।
रेल कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने भी यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना रहा।
‘स्वच्छ रेल–स्वच्छ भारत’ के संदेश के साथ रेलकर्मियों और यात्रियों ने स्वच्छ रेलवे परिसर एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।




