
-यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन की पहल, प्लेटफॉर्म नंबर-1 और पार्सल घर के आसपास चलाया गया विशेष अभियान; नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन ने भी उठाई थी मांग
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने आवारा कुत्तों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। शनिवार, 14 नवंबर 2026 को उत्तर रेलवे के स्वास्थ्य निरीक्षक के नेतृत्व में नगर निगम के सहयोग से प्लेटफॉर्म नंबर-1 और पार्सल घर के आसपास अभियान चलाकर पांच आवारा कुत्तों को पकड़ा गया। पकड़े गए सभी कुत्तों को नगर निगम की टीम के सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे स्टेशन परिसर में आवारा कुत्तों के लगातार घूमने से यात्रियों, विशेषकर छोटे बच्चों और महिलाओं के लिए खतरा बना रहता है। इनके काटने की आशंका को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह अभियान चलाया गया। रेलवे प्रशासन ने नगर निगम से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।
इस मामले में नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन की ओर से भी स्टेशन निदेशक को पत्राचार कर स्टेशन परिसर में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए शीघ्र अभियान चलाने की मांग की गई थी। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने नगर निगम के सहयोग से कार्रवाई को गति दी।
अभियान के दौरान रेलवे की ओर से मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक प्रशांत पंसारे, प्रदीप कुमार और प्रभात कुमार मौजूद रहे। वहीं नगर निगम की ओर से चालक राजन सहित कुत्तों को पकड़ने वाली विशेष टीम ने अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन परिसर में इस तरह के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। भविष्य में भी नगर निगम के सहयोग से यह अभियान जारी रहेगा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।




