
-दुकानों के आसपास भीड़ लगाने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों को चेतावनी, सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के सख्त निर्देश
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। आजमगढ़ जनपद में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को शहर की देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी और आबकारी निरीक्षक की टीम ने विभिन्न शराब की दुकानों का निरीक्षण किया।
चेकिंग अभियान के दौरान दुकानों के आसपास अनावश्यक रूप से भीड़ लगाने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर विशेष नजर रखी गई। इस दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र के कोट मोहल्ला निवासी समीर (26 वर्ष), पुत्र मुस्तफा के विरुद्ध धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं, गुलामी का पुरा स्थित देशी शराब की दुकान के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित करने और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने दुकान के अनुज्ञप्तिधारक को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में दुकान के आसपास भीड़ एकत्रित न होने दें और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही शहर की सभी देशी एवं अंग्रेजी शराब की दुकानों के विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे हर समय क्रियाशील रहने चाहिए। अनुज्ञप्ति की शर्तों और शराब बिक्री के निर्धारित समय का भी पूरी तरह पालन किया जाए।
पुलिस एवं आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी शराब की दुकानों के सीसीटीवी कैमरों और अनुज्ञप्तियों की नियमित जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस संयुक्त चेकिंग अभियान से शराब दुकानदारों और आसपास अनावश्यक जमावड़ा लगाने वालों में सतर्कता देखने को मिली।




