
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी। मंडुआडीह थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शनिवार तड़के बरेका (बीएलडब्ल्यू) आवासीय परिसर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, लहरतारा निवासिनी महिला कि तहरीर पर 24 जुलाई को किशन कुमार के खिलाफ धारा 115(2), 352, 351(3) व 69 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए तथा विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रवीण सचान कर रहे हैं। पुलिस टीम ने आरोपी किशन कुमार (30), निवासी लहरतारा, को 25 जुलाई की रात करीब 12:25 बजे बरेका आवासीय परिसर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने युवती से मित्रता और आपसी सहमति से संबंध होने की बात कही तथा बताया कि मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह वाराणसी छोड़कर जाने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले पुलिस ने उसे पकड़ लिया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रवीण सचान, उपनिरीक्षक विवेक यादव तथा फैंटम-48 के कांस्टेबल अमित कुमार तिवारी और कांस्टेबल संदीप शाह शामिल रहे। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





