
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय में शनिवार को पूर्व सांसद एवं वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव और महानगर महासचिव हामीद जाफर मीसम ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सपा के महानगर प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि फूलन देवी केवल एक नाम नहीं, बल्कि संघर्ष, स्वाभिमान और अन्याय के खिलाफ लड़ाई का प्रतीक थीं। उन्होंने कहा कि फूलन देवी ने अपने सम्मान और अस्तित्व की रक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन कभी हार नहीं मानी। वे दलित, पिछड़े, आदिवासी और वंचित समाज की सशक्त आवाज बनकर उभरीं।
महानगर महासचिव हामीद जाफर मीसम ने अपने संबोधन में कहा कि जब फूलन देवी जेल में थीं, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव ने उनकी रिहाई सुनिश्चित कर उन्हें लोकतांत्रिक राजनीति की मुख्यधारा से जोड़ा। उन्होंने कहा कि तमाम आलोचनाओं के बावजूद मुलायम सिंह यादव ने फूलन देवी को दलित और पिछड़े समाज की प्रभावी प्रतिनिधि के रूप में स्थापित किया।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव राम अचल यादव, उपाध्यक्ष चौधरी श्रीचंद यादव, प्रवक्ता राकेश यादव, चौधरी बलराम यादव, जगन्नाथ यादव, वीरेंद्र गौतम, महिला महानगर अध्यक्ष अपर्णा जायसवाल, मंजीत यादव, इस्तखार खान, अनस खान, सत्यम यादव, शक्ति यादव सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





