-वाराणसी मंडल में राजभाषा पखवाड़ा का समापन, ‘काशी प्रतिबिंब’ का विमोचन और 32 कर्मचारियों को पुरस्कार
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार को लेकर आयोजित राजभाषा पखवाड़ा का बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेन्दु सभाकक्ष में समापन हुआ। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में गृह पत्रिका ‘काशी प्रतिबिंब’ का विमोचन, प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरण तथा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि हिन्दी के प्रचार-प्रसार में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वाराणसी मंडल में रेलवे के विभिन्न कार्यक्षेत्रों में राजभाषा हिन्दी के प्रयोग और प्रसार को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए विजेताओं को बधाई दी।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से नई तकनीक का उपयोग करते हुए कार्यालयीन कार्यों में अधिक से अधिक हिन्दी का प्रयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि हिन्दी को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन नियमित रूप से होते रहने चाहिए। राजभाषा पखवाड़ा के सफल आयोजन के लिए राजभाषा विभाग को नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई।
समारोह में आयोजित कवि सम्मेलन में पं. भूषण त्यागी, डॉ. नागेश शांडिल्य, डॉ. सुरेश अकेला, रीना तिवारी, संतोष कुमार गुप्ता ‘डंडा बनारसी’ तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार ने गीत, गजल, वीर रस और हास्य-व्यंग्य की रचनाओं का पाठ किया। कवियों की प्रस्तुतियों ने सभागार में मौजूद श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
राजभाषा पखवाड़ा के दौरान आयोजित निबंध, टिप्पणी, वाक एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। अधिकारी वर्ग में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल ने प्रथम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने द्वितीय तथा वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) यशवीर सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कर्मचारी वर्ग के 32 कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इससे पूर्व वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी एवं राजभाषा अधिकारी आशुतोष पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत किया तथा राजभाषा पखवाड़ा के दौरान मंडल में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने रेलवे के प्रत्येक कार्यक्षेत्र में राजभाषा हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। समारोह का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन भी आशुतोष पाण्डेय ने किया।




