
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चेतमणि चौराहे के निकट जवाहर नगर कॉलोनी स्थित कृष्णा अपार्टमेंट में एक फ्लैट में अज्ञात कारणों से आग लगने से हड़कंप मच गया। आग अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चौथी मंजिल के डक्ट के रास्ते पांचवीं मंजिल तक पहुंच गई। घटना के दौरान अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा अपार्टमेंट के थर्ड फ्लोर पर स्थित फ्लैट में आग लगने के समय मकान मालिक मौके पर मौजूद नहीं थे। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

आग तीसरी मंजिल से फैलते हुए चौथी मंजिल के डक्ट के माध्यम से पांचवीं मंजिल तक पहुंच गई। इस दौरान अपार्टमेंट में रहने वाली एक महिला आग की चपेट में आकर झुलस गईं। उनके हाथ में जलने की चोट आई है। महिला को प्राथमिक चिकित्सा के लिए बीएचयू अस्पताल भेजा गया। उनके साथ पुत्र और पुत्री भी मौजूद थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड के साथ एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग बुझने के बाद राहत की स्थिति बनी।
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग फ्लैट में अज्ञात कारणों से लगी थी। घटना के बाद अपार्टमेंट में सुरक्षा और अग्निशमन इंतजामों को लेकर भी सतर्कता बरतने की जरूरत सामने आई है।




