
- संरक्षा, सुरक्षा और राजस्व वृद्धि में उत्कृष्ट योगदान के लिए मंडल रेल प्रबंधक ने प्रदान किया उत्कृष्टता पुरस्कार
वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में संरक्षा, सुरक्षा एवं राजस्व वृद्धि के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले अगस्त 2026 की अवधि में चयनित 11 रेल कर्मचारियों को उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने 23 सितंबर 2026 को मंडल के भारतेन्दु सभागार में चयनित रेलकर्मियों को सम्मानित किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की संरक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मंडल के परिचालन, इंजीनियरिंग, सिगनल एवं दूरसंचार, रेलवे सुरक्षा बल, विद्युत तथा वाणिज्य विभाग द्वारा आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं।
उन्होंने संभावित दुर्घटनाओं को टालने तथा रेल संपत्ति एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण, त्वरित निर्णय क्षमता एवं दायित्वबोध अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक परिस्थिति में सजगता, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इन 11 रेलकर्मियों को मिला सम्मान
सम्मानित होने वालों में राजा कुमार, वरिष्ठ लेखाकार पेंशन, वाराणसी; अमृत कुमार राय, वरिष्ठ टिकट परीक्षक, वाराणसी; सत्य प्रकाश सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय; वृजेश कुमार सिंह, वरिष्ठ लोको पायलट, चालक दल विश्राम गृह, गोरखपुर; अमरजीत सिंह चौहान, तकनीशियन प्रथम श्रेणी, बेल्थरा रोड स्टेशन; अजय कुमार, पथ अनुरक्षक तृतीय श्रेणी, गोरखपुर; मनोज कुमार यादव, स्टेशन मास्टर, परिचालन, खुरहट; शैलेश कुमार, सिगनल विभाग, बनारस; मंकर यादव, सिगनल विभाग, वाराणसी सिटी; मो. सोहैल अंसारी, तकनीशियन प्रथम श्रेणी, विद्युत कर्षण वितरण, छपरा तथा राजेश कुमार सिंह, प्रधान आरक्षी, सुरक्षा बल, बलिया शामिल रहे।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक आधारभूत संरचना अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पांडेय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सामान्य कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार सहित मंडल के विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



