- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। राजातालाब मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अराजीलाइन का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान बड़ी लापरवाहियां सामने आने पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सुबह 8:45 बजे तक निरीक्षण के दौरान अधिकांश चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ अनुपस्थित पाए गए, जिस पर सीएमओ ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। साथ ही अस्पताल परिसर और विभिन्न विभागों में साफ-सफाई की स्थिति भी असंतोषजनक मिली। निरीक्षण के बाद सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह से स्पष्टीकरण तलब किया और जब तक जवाब संतोषजनक नहीं मिलता, उनका वेतन अवरुद्ध करने के निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान एक गंभीर मामला भी सामने आया, जिसमें बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती के बावजूद प्रसव कक्ष से एक नवजात शिशु को उच्च केंद्र के लिए रेफर किया गया। इस पर सीएमओ ने संबंधित चिकित्सकों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इसके अलावा कोल्ड चेन प्वाइंट के निरीक्षण में वैक्सीन वितरण रजिस्टर अद्यतन न मिलने और रिकॉर्डिंग में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई गई तथा अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।





