
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के प्रशासनिक भवन स्थित कीर्ति कक्ष में बुधवार को कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने की।बैठक का मुख्य उद्देश्य कर्मचारी परिषद और प्रशासन के बीच विभिन्न लंबित एवं समसामयिक मुद्दों पर सार्थक संवाद स्थापित कर उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करना था। इस दौरान कर्मचारी परिषद द्वारा उठाए गए विभिन्न कल्याणकारी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए उनके व्यावहारिक एवं त्वरित समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया। अध्यक्षीय संबोधन में मनीष कुमार ने कहा कि कर्मचारियों का कल्याण और उनकी कार्यसंतुष्टि ही संस्थान की प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने प्रशासन और कर्मचारियों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार तथा महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री देवराज कुमार मौर्य सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।कर्मचारी परिषद की ओर से संयुक्त सचिव श्री प्रदीप कुमार यादव सहित अन्य सदस्यों ने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखा।बैठक सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।




