
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। डीडीयू मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना द्वारा आज डीडीयू–मानपुर रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन क्षेत्र में हावड़ा की ओर ट्रैक सेक्शन का गहन अवलोकन कर संरक्षा और अनुरक्षण मानकों की बारीकी से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान प्वाइंट्स, गेज और लंबी वेल्डेड रेल सेक्शनों की स्थिति का परीक्षण किया गया। ट्रैक की ज्यामितीय स्थिति—लाइन, लेवल और एलाइन्मेंट—की जांच करते हुए निर्धारित अनुरक्षण एवं सुरक्षा मानकों के अनुपालन का आकलन किया गया। डीआरएम ने ट्रैक अनुरक्षण कार्य में लगे कर्मचारियों, जैसे स्थायी पथ निरीक्षक (PWI), ट्रैकमैन और ट्रॉलीमैन से संवाद कर ट्रैक निगरानी, पेट्रोलिंग व्यवस्था तथा संरक्षा प्रक्रियाओं की स्थिति की समीक्षा की।

भीषण गर्मी के मद्देनजर ट्रैक पर तापमान जनित प्रभावों से निपटने के लिए अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों पर विशेष जोर दिया गया तथा कर्मियों को स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक ने मानपुर जंक्शन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की स्वच्छता, ट्रेन संचालन व्यवस्था और यात्री प्रबंधन प्रणाली का जायजा लिया।
तत्पश्चात गया जंक्शन पर पुनर्विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं के विस्तार, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं परिचालनिक सुगमता का विस्तृत निरीक्षण किया गया। डीआरएम ने चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य यात्री सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित रेल अधिकारी उपस्थित रहे। मंडल प्रशासन द्वारा बताया गया कि संरक्षा, अनुरक्षण और यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी आगे भी निरंतर जारी रहेगी।




