
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: जनौरा स्थित प्राचीन होलिका दहन स्थल का अस्तित्व खतरे में है। बाउंड्री न होने के कारण भू-माफिया इस पौराणिक भूमि पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। इसे बचाने के लिए श्री आदित्यनाथ गौ सेवा समिति ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल बाउंड्री वॉल बनवाने की मांग की है।
‘बार-बार बन रही विवाद की स्थिति’
11 मई 2026 को समिति के संरक्षक राजेश सिंह मानव उर्फ महंत संत दास ने डीएम को दिए पत्र में बताया कि मौजा जनौरा, ए.एन.पी., परगना हवेली अवध, तहसील सदर स्थित पौराणिक होलिका दहन स्थल की कोई बाउंड्री नहीं है। विदित हो कि परिजन की मृत्यु के पश्चात महिलायें उक्त स्थल पर सुधक के दिनों मे परम्परा अनुसार स्नान करती हैं ।
बाउंड्रीवाल न होने के कारण इसका फायदा उठाकर भू-माफिया अतिक्रमण कर बलपूर्वक कब्जा कर रहे हैं। इससे स्थल का अस्तित्व खत्म होने के कगार पर है और बार-बार विवाद की स्थिति बनती है।
राजस्व-पुलिस टीम से चिन्हांकन की मांग
महंत संत दास ने मांग की है कि जनहित में राजस्व टीम और पुलिस बल की संयुक्त टीम गठित कर होलिका दहन स्थल की भूमि का चिन्हांकन कराया जाए। इसके बाद नींव खुदवाकर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए।
‘अनुमति दें तो समिति खुद बनवाएगी बाउंड्री’
पत्र में कहा गया है कि यदि प्रशासन स्वयं बाउंड्री नहीं बनवा सकता तो श्री आदित्यनाथ गौ सेवा समिति को अपने खर्चे पर चिन्हांकन के बाद बाउंड्री वॉल बनाने की अनुमति दी जाए।
निर्माण के दौरान पुलिस प्रशासन और शासन की उपस्थिति अनिवार्य रहे।





