
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। वाराणसी जंक्शन पर बुधवार को स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता की अध्यक्षता में अंतरविभागीय संरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल, कार्य के दौरान सतर्कता और आपसी समन्वय के माध्यम से सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करना रहा।
संगोष्ठी में रेलवे यार्ड में ट्रेनों एवं कोचों की शंटिंग के दौरान विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई। कर्मचारियों को समझाया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसके साथ ही सतर्कता आदेशों का सही ढंग से मिलान कर लोको पायलट एवं गार्ड को उपलब्ध कराने तथा रेल संचालन में किसी भी प्रकार का शॉर्टकट न अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान रेलवे परिचालन नियमावली के महत्वपूर्ण बिंदुओं, मंडल स्तर से जारी संरक्षा परिपत्रों, मुख्यालय के निर्देशों तथा अन्य मंडलों में पूर्व में हुई रेल दुर्घटनाओं के उदाहरणों के माध्यम से कर्मचारियों को संरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित कर्मियों से सुरक्षित कार्यप्रणाली का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन भी लिया गया।
संगोष्ठी में स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, एडीएसओ लखनऊ, सहायक परिचालन प्रबंधक गुलकेश मीणा, खंड यातायात निरीक्षक पंकज कुमार सिंह, स्टेशन अधीक्षक उदय प्रताप सिंह सहित स्टेशन एवं यार्ड के विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।




