
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में जून 2026 में सेवानिवृत्त हुए एक अधिकारी सहित कुल 18 कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। प्रशासन भवन के कीर्ति कक्ष में आयोजित समारोह में अधिकारियों ने कर्मियों की दीर्घकालीन, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि अनुभवों और उपलब्धियों से भरी नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवाभाव बरेका की कार्यसंस्कृति के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। वहीं उप मुख्य कार्मिक अधिकारी समीर पाल ने उनके योगदान को संगठन की अमूल्य धरोहर बताते हुए स्वस्थ और सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए बरेका को अपना परिवार बताया और अधिकारियों व सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बरेका केंद्रीय चिकित्सालय के मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद ने सभी को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के सुझाव दिए। समारोह में कर्मचारी परिषद के पदाधिकारी, अधिकारी, कर्मचारी, परिजन एवं बड़ी संख्या में सहकर्मी मौजूद रहे।




