
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी। महमूरगंज इलाके में पिता-पुत्र के बीच विवाद के दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलने का मामला सामने आया है। गोली लगने से 32 वर्षीय प्रवीण कुमार सिंह घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
विवाद के दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली
बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र के बीच नौकरी को लेकर पहले भी विवाद होता रहा है। इसी सिलसिले में दोनों के बीच विवाद के दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चल गई। गोली प्रवीण कुमार सिंह के कंधे में लगी, जिससे वह घायल हो गए।
पिता रिवॉल्वर लेकर खुद पहुंचा थाने
घटना के बाद प्रवीण के पिता खुद लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और रिवॉल्वर को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के लिए जिम्मेदार परिस्थितियां क्या थीं, इसकी भी जांच की जा रही है।




