
-चिनहट में सेवा संकल्प अभियान के तहत 12 टीबी मरीजों को लिया गोद, वितरित की गई पोषण पोटली
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा/यूपी हेड
लखनऊ: टीबी मुक्त भारत अभियान एवं टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से गति देने के उद्देश्य से विकास खण्ड चिनहट सभागार में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत विभाग एवं बाल विकास विभाग द्वारा विकास खण्ड चिनहट के सभी 12 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली वितरित की गई। इस दौरान मरीजों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें नियमित रूप से दवा लेने और उपचार की पूरी अवधि पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खण्ड विकास अधिकारी चिनहट पूजा पाण्डेय ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब समाज के प्रत्येक वर्ग की इसमें सक्रिय भागीदारी होगी। ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों और आमजन को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने ब्लाक चिनहट के सभी ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों एवं संबंधित विभागों से अपील की कि वे टीबी मरीजों को सहयोग और सामाजिक संबल प्रदान करें तथा लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने कहा कि टीबी कोई लाइलाज बीमारी नहीं है। समय पर जांच और नियमित उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षण वाले किसी भी व्यक्ति को नजरअंदाज न करें, बल्कि उसे जांच एवं उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जाने के लिए प्रेरित करें।
सहायक विकास अधिकारी नमिता सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में लंबे समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे बिना किसी डर या संकोच के टीबी की जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों एवं अस्पतालों में टीबी की जांच और उपचार निःशुल्क उपलब्ध है।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत विभाग एवं बाल विकास विभाग द्वारा चिनहट ब्लाक के सभी 12 टीबी मरीजों को गोद लेकर पोषण पोटली प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को पोषण सहयोग उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके मनोबल को बढ़ाना और उपचार के दौरान उन्हें सामाजिक एवं भावनात्मक सहयोग प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर स्टेप परियोजना के जिला प्रतिनिधि आशीष शर्मा ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश एवं जिला क्षय रोग अधिकारी के मार्गदर्शन में विकास खण्ड चिनहट में लक्षित टीबी जांच का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने इस कार्य में सहयोग के लिए टीबी यूनिट के प्रतिनिधि उदय शंकर मिश्रा का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। पंचायत विभाग, बाल विकास विभाग, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाएं और समुदाय यदि मिलकर कार्य करें तो टीबी मुक्त ग्राम पंचायत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी चिनहट द्वारा टीबी मरीजों को गोद लेने एवं पोषण सहयोग प्रदान करने के लिए आयोजित कार्यक्रम की सराहना की।
कार्यक्रम में टीबी मरीजों के साथ ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, बाल विकास विभाग की मुख्य सेविका निरुपमा, टीबी यूनिट से उदय शंकर मिश्रा एस टी एस , पीयूष कुमार सिंह एस टी एल एस तथा स्टेप परियोजना से आशीष शर्मा, नीरज शर्मा एवं विकास गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे।




