
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी पूर्वोत्तर रेलवे मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने शनिवार को हरदत्तपुर–राजातालाब रेलखंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समपार फाटक संख्या 7C, 9C एवं 12C सहित विभिन्न संरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने हरदत्तपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था, केंद्रीकृत स्टेशन पैनल, वीडर काउंटर, रिले रूम तथा संरक्षा उपकरणों जैसे लॉक एंड ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, एक्सल काउंटर एवं डाटा लॉगर का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने स्टेशन पर संधारित अभिलेखों—विफलता रजिस्टर, अनुरक्षण रजिस्टर, रिले रूम चाबी हस्तांतरण रजिस्टर, पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग रजिस्टर तथा स्टेशन वर्किंग रूल्स की भी समीक्षा की।

डीआरएम ने प्लेटफॉर्म सहित यात्री सुविधाओं का भी जायजा लिया और उपकरणों के उचित रखरखाव तथा स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने रेलवे ट्रैक के बदलाव कार्य, रेल वेल्डिंग की गुणवत्ता तथा ट्रैक की मानक दूरी का भी निरीक्षण किया और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
निरीक्षण से पूर्व उन्होंने समपार संख्या 7C, 9C एवं 12C का संरक्षा निरीक्षण किया तथा गेट पर तैनात गेटमैन से संरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की। समपार संख्या 09C पर निर्माणाधीन रोड अंडर ब्रिज (LHS) कार्य की प्रगति का भी अवलोकन करते हुए उसे निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।





