
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चन्दौली जनपद में कृषि विभाग की टीमों ने शनिवार को कीटनाशक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण और छापेमारी कर कई अनियमितताओं का खुलासा किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेख अपूर्ण मिलने और नियमों के उल्लंघन पर तीन विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि यह कार्रवाई शासन स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देशन में की गई। इसके लिए कीटनाशी निरीक्षकों की दो टीमें गठित की गई थीं, जिनमें कृषि व संबद्ध विभागों के अधिकारी शामिल रहे। टीम-1 ने 6 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जबकि टीम-2 ने 10 प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान कुल 6 कीटनाशी नमूने भी संग्रहित किए गए।
जांच में जिन विक्रेताओं के यहां अनियमितताएं पाई गईं, उनमें सकलडीहा स्थित मेसर्स कृष्णा फर्टिलाइजर, चहनियां स्थित मेसर्स एग्रीकल्चर सेंटर तथा मेसर्स विकास बीज भंडार शामिल हैं। इन प्रतिष्ठानों पर कीटनाशक स्टॉक के बिक्री एवं वितरण से संबंधित रजिस्टर उपलब्ध नहीं पाए गए, साथ ही एक्सपायरी कॉर्नर भी नहीं बनाया गया था। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित विक्रेता निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध कीटनाशी अधिनियम 1968 एवं कीटनाशक नियमावली 1971 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





