
नई दिल्ली: उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। यूपी, दिल्ली, पंजाब और बिहार समेत बड़े हिस्से में लू के थपेड़े लोगों को बेहाल कर रहे हैं। हालांकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राहत भरी खबर दी है—अगले तीन दिनों तक हीटवेव का असर रहेगा, लेकिन इसके बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और कई राज्यों में बारिश शुरू होगी।
प्रयागराज में 45 पार पारा, तीन दिन और सताएगी लू
पिछले 24 घंटों में देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 से 45 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गर्मी ने चरम सीमा पार कर दी, जहां अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक लू का प्रकोप जारी रहेगा।
पंजाब से यूपी तक बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 से 30 अप्रैल के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी और राजस्थान में 27 से 29 अप्रैल के बीच बारिश का अनुमान है। पहाड़ी इलाकों में भी मौसम बदलेगा—जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 25 से 28 अप्रैल, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 से 30 अप्रैल के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
पूर्वोत्तर में तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम उग्र रहने वाला है। असम और मेघालय में 25-26 अप्रैल को 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 27 अप्रैल से 1 मई के बीच यहां भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश होगी।
मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं दक्षिण भारत में 28 से 30 अप्रैल के बीच राहत भरी बारिश होने का अनुमान है।





