
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) के युक्तिकरण एवं सम्भाजन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप संपन्न की जाए। उन्होंने कहा कि नए मतदान केंद्रों के निर्धारण में मतदाताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, ताकि किसी भी मतदाता को अपने मतदान केंद्र तक पहुंचने में अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदेय स्थलों की सूची का गहन परीक्षण करने तथा भवन की जर्जर स्थिति, दूरी अथवा अन्य किसी विसंगति की सूचना प्रशासन को देने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई 2026 को मतदेय स्थलों की प्रारंभिक सूची प्रकाशित की जाएगी तथा 10 जुलाई 2026 तक राजनीतिक दल और आम नागरिक अपने सुझाव एवं आपत्तियां संबंधित तहसील या जिला निर्वाचन कार्यालय में दर्ज करा सकेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान प्रक्रिया की शुचिता और सुगमता लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है। इसी उद्देश्य से मतदेय स्थलों का पुनर्गठन किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।बैठक में अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर, विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।





