
पुलिसकर्मियों को फिटनेस और अनुशासन का दिया संदेश, पीआरवी वाहनों व आपातकालीन उपकरणों की जांच कर सतर्कता बरतने के निर्देश
वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi/Bhadohi. पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन ज्ञानपुर के परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए दौड़ लगवाई। साथ ही पुलिस बल में अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल का अभ्यास कराया।
परेड के निरीक्षण के दौरान एसपी ने ड्रिल की बारीकियों को परखा और संबंधित अधिकारियों को इसे और बेहतर तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और कार्य के प्रति तत्परता बेहद महत्वपूर्ण है।
इसके बाद एसपी ने पुलिस लाइन में क्वार्टर गार्ड, स्टोर और परिवहन शाखा सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, रखरखाव और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित प्रभारियों को अपने कार्यालयों एवं शाखाओं में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में पीआरवी वाहनों को भी चेक किया गया। एसपी ने वाहनों में उपलब्ध आपातकालीन उपकरणों को चलवाकर उनकी कार्यशीलता की जांच की। उन्होंने यूपी-112 के प्रभारी को निर्देशित किया कि सभी पीआरवी वाहनों और उनमें उपलब्ध उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।





